कवर्धा में कलेक्ट्रेट घेराव के मद्देनजर चाक-चौबंद पुलिस व्यवस्था: कानून के खिलाफ कोई कदम नहीं बख्शा जाएगा: पुलिस प्रशासन तैयार
कल दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को गोंडवाना समाज छ. ग. एवं भीम आर्मी भारत एकता मिशन द्वारा अपनी विभिन्न मांगों के संबंध में कलेक्ट्रेट कार्यालय कवर्धा का घेराव एवं आम सभा व पुतला दहन आयोजित किया गया है। संभावित भीड़ और कानून व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कबीरधाम पुलिस द्वारा व्यापक, संगठित और सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पूरे शहर में पुलिस बल की तैनाती, मार्ग नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा ट्रैफिक व्यवस्था के लिए ठोस तैयारी की गई है।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा दृष्टि से शहर के चार प्रमुख स्थानों पर पूर्ण बैरिकेडिंग की जा रही है—
1. आदिवासी मंगल भवन – दुर्गावती चौक मार्ग के ठीक पहले।
2. राजमहल रोड में दुर्गावती चौक से राजमहल कॉलोनी मोड़ के पहले
3. करपात्री स्कूल के मुख्य द्वार के सामने
4. मंगल भवन से पीजी कॉलेज मार्ग जाने वाले रास्ते पर

इन स्थानों से आगे आवागमन बाधित रहेगा और पुलिस बल की सघन तैनाती के माध्यम से भीड़ को सीमित क्षेत्र में रखा जाएगा ताकि अनियंत्रित जमाव की स्थिति न बने।
उक्त कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रखने हेतु लगभग 700 का पुलिस बल कानून व्यवस्था ड्यूटी में लगाया गया है, जिसमें जिले के विभिन्न थानों के साथ अन्य जिलों और पुलिस कैंप से प्राप्त बल भी शामिल हैं। प्रत्येक सेक्टर में पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। संपूर्ण क्षेत्र में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। नियंत्रण कक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पल-पल की स्थिति की मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी भीड़ के बीच तैनात रहेंगे, जो संदिग्ध या भड़काऊ तत्वों की गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करेंगे।

कानून व्यवस्था की समग्र निगरानी हेतु एएसपी श्री पुष्पेंद्र बघेल, एएसपी श्री पंकज पटेल, के नेतृत्व में एसडीओपी बोड़ला श्री अखिलेश कौशिक, श्री भूपत सिंह धनेश्री, डीएसपी श्री प्रतीक चतुर्वेदी, श्री कृष्णा चंद्राकर एवं डीएसपी श्री आशीष शुक्ला को क्षेत्रवार सेक्टरवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त अन्य जिलों से भी राजपत्रित अधिकारी आयेंगे। प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने सेक्टर में तैनात बलों का नेतृत्व कर स्थिति पर निरंतर निगरानी रखेंगे और किसी भी परिस्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।



