मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर लूटपाट और फिरौती वसूलने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

lok sev
previous arrow
next arrow
मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर लूटपाट और फिरौती वसूलने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
जंगल में मारपीट कर लूटे 70 हजार रुपये और मोबाइल, पांच लाख की मांगी थी फिरौती; बैंक खाते में जबरन ट्रांसफर कराए 90 हजार रुपये
कबीरधाम। जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और फिरौती वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में भोरमदेव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जंगल में तीन मवेशी व्यापारियों को रोककर उनके साथ मारपीट की और नगदी एवं मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। आरोपियों ने व्यापारियों से जबरन अपने बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये ट्रांसफर कराए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को ग्राम रौचन निवासी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने साथी गुनु धुर्वे और शिव प्रसाद के साथ खरीदे गए नौ मवेशियों को बिक्री के लिए ग्राम सारसडोल, थाना मलाजखंड, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास मवेशियों के साथ विश्राम करते समय ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने तीनों व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने कुलेश्वर विश्वकर्मा से 10 हजार रुपये और मोबाइल फोन, शिव प्रसाद से 40 हजार रुपये और मोबाइल फोन तथा गुनु धुर्वे से 20 हजार रुपये नगद लूट लिए। इसके बाद तीनों व्यापारियों को अपने कब्जे में लेकर ग्राम केसदा की ओर ले गए और पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की। भयभीत व्यापारियों से आरोपियों ने अपने बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर कराए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने तीनों व्यापारियों को उनके मवेशियों सहित छोड़ दिया।
पीड़ित की शिकायत पर 8 नवंबर 2026 को थाना भोरमदेव में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज किए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी पतासाजी की। संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर घटना में उनकी संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 हजार रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसके अलावा बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित 89 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कामू बैगा (30 वर्ष), चंदन सिंह धुर्वे (54 वर्ष), महेश धुर्वे (22 वर्ष) और सुरेश धुर्वे (37 वर्ष) शामिल हैं। चारों आरोपी ग्राम केसदा, थाना भोरमदेव, जिला कबीरधाम के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को 9 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी प्रमिला मंडावी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक लालमन साव सहित भोरमदेव थाना पुलिस और साइबर टीम की सराहनीय भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने मवेशी व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि मवेशियों के क्रय-विक्रय और परिवहन के दौरान सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार की धमकी, मारपीट, लूटपाट या जबरन वसूली की घटना होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।

Related posts