झलमला थाना क्षेत्र के समरू गांव में उक्त वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सनकी युवक ने टंगिया से 4 ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल बन गया है। हमले के बाद से आरोपी फरार है।
तीन ग्रामीण सुखराम, खेदू मरकाम और बैसाखू किसी काम से कवर्धा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उक्त सनकी युवक हाथ में धारदार टंगिया लेकर खड़ा था। जैसे ही तीनों उसके पास से गुजरे, आरोपी ने उन्हें रोककर बिना किसी चेतावनी के ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में खेदू मरकाम (40) की गर्दन पर गंभीर वार हुआ, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया। सुखराम मेरावी (20) की पीठ पर गहरी चोट आई है, जबकि बैसाखू मेरावी (21) के पैर पर टंगिया से हमला किया गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बीच- बचाव के दौरान बिरझू मरकाम (20) को भी चोंट आई है।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल कवर्धा लाया गया। यहां तीनों का उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से समरू गांव के लोगों में भय बना हुआ है।