कवर्धा में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुईं विधायक भावना बोहरा
गांधी मैदान से निकली पदयात्रा में उमड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का हुजूम, कांग्रेस पर साधा निशाना
कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी जिला कवर्धा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ में पंडरिया विधायक भावना बोहरा शामिल हुईं। शुक्रवार को गांधी मैदान, कवर्धा में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पदयात्रा के माध्यम से लोकतंत्र, संवैधानिक व्यवस्था और जनादेश के सम्मान का संदेश दिया गया।
इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए आपातकाल लगाकर देश के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया था। आज वही कांग्रेस विपक्ष में बैठकर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान और जनादेश का आदर आवश्यक है।
पदयात्रा में शामिल भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा राजनीतिक अराजकता के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को जनभागीदारी का स्वरूप दिया। भाजपा की ओर से कहा गया कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और जनादेश का सम्मान प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की राजनीति भ्रम फैलाने तक सीमित रह गई है। भारतीय जनता पार्टी तथ्यों और तर्कों के आधार पर हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गांधी मैदान में आयोजित इस पदयात्रा के जरिए भाजपा ने लोकतंत्र की रक्षा और जनादेश के सम्मान को लेकर अपना राजनीतिक संदेश दिया।