श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा भाटापारा ने कबीरधाम के बैगा बाहुल्य क्षेत्र में 275 कंबलों का किया वितरण
कवर्धा। अघोरपीठ” श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा देशभर में संचालित 19 सूत्रीय सेवा कार्यक्रमों के अंतर्गत इस वर्ष की कड़ाके की ठंड को देखते हुए कबीरधाम जिले के बैगा बाहुल्य और वनांचल क्षेत्रों में सेवा कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार 28 दिसंबर 2025 को श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा भाटापारा द्वारा ग्राम पंचायत रोकड़ा क्षेत्र अंतर्गत दलदली से आगे, बाकी एवं बोदई ग्राम में द्वितीय चरण का कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परम् पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं परम् पूज्य गुरुपद संभव राम जी के तेल चित्र पर माल्यार्पण, धूप-दीप प्रज्वलन, विधिवत पूजन एवं आरती के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित ग्रामीणजनों को श्री सर्वेश्वरी समूह के 19 सूत्रीय सेवा कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जरूरतमंद बैगा परिवारों को 275 कंबलों के साथ-साथ स्वच्छ किए गए पुराने वस्त्रों का भी वितरण किया गया। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और राहत स्पष्ट रूप से देखने को मिली। ठंड के इस मौसम में यह सेवा कार्य ग्रामीणों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध हुआ।
उल्लेखनीय है कि श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा भाटापारा द्वारा इससे पूर्व भी कबीरधाम जिले के दुर्गम एवं बीहड़ वन क्षेत्रों में निवासरत जरूरतमंद लोगों को कई बार गर्म कपड़े एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया जा चुका है। यह कार्यक्रम समूह की सेवा, करुणा एवं मानवता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री जितेंद्र सिंह चौहान एवं अजय जांगड़े के कुशल मार्गदर्शन में सर्वेश्वरी समूह शाखा भाटापारा की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान ग्राम पंचायत केशमर्दा की महिला सरपंच एवं पंचगणों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके चलते कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अंत में परम् पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं परम् पूज्य गुरुपद संभव राम जी के तेल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का समापन किया गया।