प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं महिला दिवस समारोह भेड़ागढ़ में सम्पन्न

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं महिला दिवस समारोह भेड़ागढ़ में सम्पन्न
पंडरिया विकासखंड के ग्राम भेड़ागढ़ में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर जलग्रहण परियोजना अंतर्गत संचालित ग्राम भेड़ागढ़, पंडरीखार, परसेलखार एवं पोलमी के महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिला समूहों को आजीविका उन्नयन एवं क्षमता निर्माण के तहत विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में हर्बल गुलाल निर्माण, जैविक कीटनाशक ब्रम्हास्त्र, वेस्ट डिकॉम्पोसर, बीज उपचार तथा कृषि की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बकरीपालन, मुर्गीपालन, सब्जी उत्पादन सहित अन्य आजीविका आधारित गतिविधियों पर भी विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कृषि विकास अधिकारी श्री डी. पी. तिवारी ने किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, समन्वित कृषि प्रणाली, ड्रिप सिंचाई पद्धति तथा दलहनी, तिलहनी एवं लघु धान्य फसलों की उन्नत तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं डब्ल्यूडीटी दिनेश खरे ने उपस्थित किसानों को जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आजीविका गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सम्मत बाई पात्रे ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को नमन करते हुए समाज निर्माण में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। केंद्र सरकार की लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत महिला समूहों को बिना ब्याज 25 हजार से 50 हजार रुपये तक की चक्रीय निधि सहायता मिलने से बकरीपालन, मुर्गीपालन, मछलीपालन, सब्जी उत्पादन और फैंसी स्टोर जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों महिला समूहों की महिलाएं एवं किसान भाई उपस्थित रहे।

Related posts