भाजपा का जनसंपर्क अभियान: हितग्राहियों से किया संवाद, योजनाओं की जानकारी ली
कुकदूर/कबीरधाम। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी कुई-कुकदूर मंडल के अंतर्गत शक्ति केंद्र भेलकी में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संपर्क अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बूथ क्रमांक 01, 15, 16, 17 एवं 18 के अंतर्गत ग्राम सेंदुरखार, भेलकी, तेलियापानी, धोबे, आगरपानी और बोहिल में कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों से मुलाकात की।
अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे लोगों से सीधे संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं के प्रभाव और उनकी वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करना था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित परिवारों से चर्चा कर उनके अनुभव सुने और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी जुटाई।
कार्यक्रम में शक्ति केंद्र प्रभारी बसंत वाटिया, विधायक प्रतिनिधि रामगोपाल वट्टी, चांटा समिति अध्यक्ष भाग सिंह मरावी, बूथ अध्यक्ष शोभाराम सहित भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर हितग्राहियों से संवाद किया और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, राशन वितरण योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रहा है। अभियान के दौरान लोगों ने सरकार की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य को लेकर पार्टी कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित कर रहे हैं।



