ग्राम पोलमी में श्रद्धा और भक्ति का संगम, मां महामाया दरबार में 29 तेल ज्योत के साथ जोत जवारा स्थापना
कुई कुकदूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोलमी (भंगीटोला) में इस वर्ष भी पारंपरिक आस्था और भक्ति के साथ मां महामाया के स्थान पर जोत जवारा स्थापना का आयोजन किया गया। बीते वर्ष की भांति इस बार भी गांव में धार्मिक माहौल देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान मां महामाया के दरबार में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जोत जवारा स्थापित किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से 29 तेल ज्योत जलाकर मां की आराधना की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी, जहां महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने मिलकर भक्ति गीतों और जसगीत के माध्यम से मां की महिमा का गुणगान किया।
गांव के प्रमुख जनों और आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसे गांववासी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाते आ रहे हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गांव में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करना है।



