कुई-कुकदुर महाविद्यालय ने नवागढ़ कॉलेज के साथ किया MoU, शैक्षणिक सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
कबीरधाम। शासकीय नवीन महाविद्यालय, कुई-कुकदुर में बुधवार, 25 मार्च 2026 को एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल के तहत शासकीय कोदुराम दलित महाविद्यालय, नवागढ़ (जिला बेमेतरा) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) जी. ए. घनश्याम के निर्देशन एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
इस MoU का उद्देश्य दोनों महाविद्यालयों के बीच शैक्षणिक एवं संस्थागत सहयोग को मजबूत करना है। इसके अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आदान-प्रदान, संयुक्त अनुसंधान एवं नवाचार गतिविधियों को बढ़ावा, विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन तथा करियर मार्गदर्शन एवं परामर्श सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही दोनों संस्थानों के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं भौतिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय कोदुराम दलित महाविद्यालय, नवागढ़ के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) गिरीश कांत पांडे उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में इस पहल को समय की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) जी. ए. घनश्याम ने कहा कि इस प्रकार के समझौते से संस्थानों के बीच ज्ञान एवं संसाधनों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रोफेसर (डॉ.) रजत दवे, प्राचार्य एस.एन.जी. महाविद्यालय, मुंगेली तथा प्रोफेसर (डॉ.) एल. के. तिवारी, प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय पांडातराई की उपस्थिति रही। दोनों अतिथियों ने इसे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल बताते हुए इसके दूरगामी परिणामों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन श्री हरीश पात्रे ने किया। इस अवसर पर IQAC समन्वयक रामरती निषाद, श्री निर्मल कुमार सहित समस्त प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह पहल महाविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जो भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, सहयोग एवं गुणवत्ता उन्नयन के नए आयाम स्थापित करेगी।