पोलमी मुख्य मार्ग पर भीषण हादसा, ट्रेलर ने बाइक सवार को कुचला – मौके पर मौत
कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोलमी मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नेउर कुशयारी निवासी सोन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह परसेलखार से दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान पोलमी मुख्य मार्ग पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रेलर के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कुकदूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ट्रेलर वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पोलमी मुख्य मार्ग पर आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं। तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा के अभाव के कारण क्षेत्र में हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेत और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
यह घटना पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना गई है और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।