मुनगाडीह में नई धान खरीदी सोसायटी का शुभारंभ, सैकड़ों किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

lok sev
IMG-20260114-WA0060
previous arrow
next arrow
मुनगाडीह में नई धान खरीदी सोसायटी का शुभारंभ, सैकड़ों किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम मुनगाडीह में आज एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में नई सहकारी सोसायटी सह धान खरीदी केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। यह पहल छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में सहकारिता के क्षेत्र में विस्तार के उद्देश्य से की गई है। सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप जी की अनुशंसा तथा क्षेत्रीय विधायक श्रीमती भावना बोहरा जी की लगातार मांग और प्रयासों के परिणामस्वरूप सहकारिता विभाग द्वारा इस नई सोसायटी को स्वीकृति प्रदान की गई।
पूर्व में इस क्षेत्र के किसान कामठी सोसायटी पर निर्भर थे, जिससे उन्हें दूरी और समय की समस्या का सामना करना पड़ता था। अब मुनगाडीह में नई सोसायटी स्थापित होने से किसानों को नजदीक में ही अपनी कृषि उपज बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल समय और श्रम की बचत होगी, बल्कि किसानों को बेहतर व्यवस्थाएं भी प्राप्त होंगी। इस सोसायटी के माध्यम से लगभग 700 किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। साथ ही लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये के खाद एवं बीज भी इस सोसायटी के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन आसानी से मिल सकेंगे।
इस नई सोसायटी में ग्राम मुनमुना, सगौना, बदौरा और पिपरहा के किसान अपनी उपज बेच सकेंगे। यह पहल क्षेत्र के किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। विधायक श्रीमती भावना बोहरा जी ने इस सोसायटी के गठन के लिए निरंतर प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप आज यह सुविधा क्षेत्रवासियों को प्राप्त हो सकी है।

शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही, जिसमें महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में कामठी सोसायटी के अध्यक्ष, विभिन्न ग्रामों के सरपंच, पंचगण, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ माता की पूजा-अर्चना के साथ की गई। इस अवसर पर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की गई। इसके पश्चात मंच से उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने शासन की विभिन्न योजनाओं, किसानों के हितों और क्षेत्र के विकास कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा सभा को संबोधित किया।
नई सोसायटी के शुभारंभ से निश्चित रूप से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और कृषि क्षेत्र में विकास को नई गति प्राप्त होगी। यह कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Related posts