साल्हेभठ्ठी के पास लूट और जानलेवा हमला, जनप्रतिनिधियों की तत्परता से बची युवक की जान
पंडरिया (कबीरधाम)। विकासखंड पंडरिया के ग्राम चियाडांड़ निवासी शिकारी राम बैगा के साथ 22 अप्रैल 2026 को लूट और जानलेवा हमले की गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शिकारी राम बैगा सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच मोटरसाइकिल से पंडरिया जाने के लिए निकले थे। वे चियाडांड़ से टकटोईया, साल्हेभठ्ठी, कुल्हीडोंगरी और बदौरा मार्ग से गुजर रहे थे।
बताया जा रहा है कि साल्हेभठ्ठी गांव के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोका और बातचीत करते हुए पंडरिया तक साथ ले जाने का अनुरोध किया। आरोपियों ने पेट्रोल भरवाने का लालच दिया, जिससे वे उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए तैयार हो गए।
बदौरा गांव से करीब एक किलोमीटर पहले आरोपियों ने साजिश के तहत वाहन रुकवाया। एक आरोपी ने उल्टी का बहाना बनाया, तभी दूसरे ने बैग से कांच की बोतल निकालकर शिकारी राम के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में भी हिम्मत दिखाते हुए शिकारी राम किसी तरह अपनी जान बचाकर बदौरा गांव की ओर भागे। इस दौरान आरोपी उनका मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और करीब 10 हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बदौरा निवासी सहायक शिक्षक हिरालाल पंद्राम ने मानवता का परिचय देते हुए घायल की मदद की। उन्होंने तुरंत पानी पिलाकर प्राथमिक उपचार किया और जिला पंचायत सभापति श्रीमती दीपा धुर्वे को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही श्रीमती दीपा धुर्वे ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित के परिजनों को सूचित किया और स्वयं मौके के लिए रवाना हो गईं। उन्होंने रास्ते में जनपद सदस्य राजकुमार नेताम को भी घटना की जानकारी दी। बदौरा पहुंचकर उन्होंने तत्काल विधायक भावना बोहरा द्वारा संचालित एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई और थाना कुकदुर को सूचना दी।
घायल शिकारी राम बैगा को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय कवर्धा रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार वे खतरे से बाहर हैं।
इस घटना में जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। संकट की इस घड़ी में मदद के लिए क्षेत्रवासियों ने श्रीमती दीपा धुर्वे का आभार व्यक्त किया है।
इस घटना में जनप्रतिनिधियों की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की क्षेत्र में सराहना हो रही है। वहीं थाना कुकदूर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।