अमेरा छात्रावास में छात्रा की मौत के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ली घटना की जानकारी, निष्पक्ष जांच की मांग
बोड़ला। ग्राम पंचायत मगरवाड़ा के आश्रित ग्राम अमेरा स्थित छात्रावास में अध्ययनरत छात्रा कुमारी बबिता की 27 जुलाई 2026 को अज्ञात बीमारी के चलते हुई दुखद मृत्यु के मामले में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने छात्रावास पहुंचकर घटना की जानकारी ली। प्रदेश सचिव आदिवासी कांग्रेस कृष्णा पुसम के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बोड़ला के प्रतिनिधिमंडल ने छात्रावास अधीक्षक से मुलाकात कर घटना से जुड़ी परिस्थितियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
छात्रा की मृत्यु की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने छात्रावास का जायजा लिया और वहां मौजूद व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही छात्रावास में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
इस दौरान छात्रावास में मौजूद डॉक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ ने सभी छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग एवं छात्रावास प्रबंधन से बच्चों के स्वास्थ्य पर नियमित नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की बात कही।
प्रदेश सचिव आदिवासी कांग्रेस कृष्णा पुसम ने कहा कि छात्रा की मृत्यु बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए और छात्रावास में रह रहे सभी बच्चों की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना जरूरी है।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बोड़ला अध्यक्ष छबिलाल वर्मा, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष नारायण धुर्वे, बोड़ला मंडल अध्यक्ष राजेंद्र साहू, पौड़ी मंडल अध्यक्ष सुधांशु बघेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता उमेश चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, राजेश मोरवी, मानस धुर्वे, सूरज वर्मा, विष्णु नेताम, नानुकलाल, शिवकुमार धुर्वे, अशोक मेरावी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत छात्रा कुमारी बबिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की