एकलव्य विद्यालय तरेगांव में छात्रों की सुरक्षा पर बड़ा फैसला, बढ़ेंगे सुरक्षा गार्ड और लगेंगे CCTV

lok sev
previous arrow
next arrow
एकलव्य विद्यालय तरेगांव में छात्र सुरक्षा को लेकर मंथन, गार्ड बढ़ाने और CCTV लगाने पर जोर
मारपीट की घटना को लेकर प्रदेश सचिव कृष्णा पुसाम ने की चर्चा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
तरेगांव। एकलव्य आवासीय विद्यालय तरेगांव में कुछ दिन पूर्व विद्यार्थियों के साथ मारपीट की सामने आई घटना को लेकर अब छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बढ़ गई है। मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रदेश सचिव आदिवासी कांग्रेस कृष्णा पुसाम सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों के साथ विद्यालय पहुंचे और पालकों, शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से चर्चा-परिचर्चा की। इस दौरान उन्होंने मामले की उचित जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।
इसी सिलसिले में 2 सितंबर 2026 को विद्यालय एवं छात्रावास परिसर में पालक-शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ताओं की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पालकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिन पर सहमति बनाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्णय लिए गए।
बैठक में परिसर की निगरानी के लिए सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाने तथा तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी और कार्यप्रणाली पर नियमित निगरानी रखने पर जोर दिया गया। इसके अलावा रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए रात के समय छात्रावास के कमरों में नियमित निरीक्षण एवं निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही गई।
छात्रावास में वार्डन व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। बेहतर सुरक्षा एवं रात्रिकालीन निगरानी के उद्देश्य से महिला वार्डन के स्थान पर पुरुष वार्डन की नियुक्ति के सुझाव को आगामी चर्चा एवं विचार के लिए रखा गया।
बैठक में विद्यालय एवं छात्रावास परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और निकास पर सख्त निगरानी रखने का निर्णय लिया गया। किसी भी आकस्मिक या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन कार्ययोजना तैयार करने और संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय करने पर भी जोर दिया गया।
विद्यार्थियों की सुरक्षा और निगरानी को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए CCTV कैमरे लगाने पर भी सहमति बनी। वहीं छात्राओं की पढ़ाई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पालकों ने अलग से गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण का सुझाव रखा, ताकि छात्राओं को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक के अंत में विद्यालय प्रशासन ने पालकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा रखे गए सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कृष्णा पुसाम ने कहा कि आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे अपने परिवार से दूर रहकर शिक्षा प्राप्त करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित मारपीट की घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। बैठक में उपस्थित पालकों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी बच्चों के लिए सुरक्षित, अनुशासित एवं संरक्षित वातावरण बनाने में सहयोग का संकल्प लिया।

Related posts