भेड़ागढ़ के शासकीय स्कूलों में मनाया गया शिक्षक दिवस, विद्यार्थियों ने गुरुजनों को पेन-श्रीफल देकर किया सम्मानित

lok sev
previous arrow
next arrow
भेड़ागढ़ के शासकीय स्कूलों में मनाया गया शिक्षक दिवस, विद्यार्थियों ने गुरुजनों को किया सम्मानित
भेड़ागढ़। शासकीय मिडिल स्कूल भेड़ागढ़ एवं शासकीय प्राथमिक शाला भेड़ागढ़ में शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की गई। विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अतिथियों ने डॉ. राधाकृष्णन के छायाचित्र पर फूल-माला अर्पित की तथा अगरबत्ती और नारियल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद शिक्षक दिवस के महत्व पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधान पाठक ईश्वर परस्ते ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जीवनी एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का पूरा जीवन शिक्षा और ज्ञान के प्रति समर्पित रहा। उनका जीवन विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के लिए प्रेरणादायी है।
प्रधान पाठक ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने, अनुशासन का पालन करने तथा नियमित अध्ययन करने की अपील की।
इसके बाद विद्यालय के सभी गुरुजनों ने बारी-बारी से छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। सहायक शिक्षक सियाराम धुर्वे, मनोज सिंह ठाकुर, शंकर धुर्वे एवं निलेश्वरी धुर्वे ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व और शिक्षा के उद्देश्य पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को पेन एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। विद्यार्थियों द्वारा किए गए सम्मान से शिक्षक भावुक और प्रसन्न नजर आए। कार्यक्रम में उपस्थित शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम बघेल एवं उपाध्यक्ष रवि साकत ने भी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रधान पाठक ईश्वर परस्ते सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, पूरा स्टाफ, छात्र-छात्राएं तथा शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। शिक्षक दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी रहा और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने वाला साबित हुआ।

Related posts