पंडरिया में सेवा संकल्प अभियान को लेकर बीईओ दीपक ठाकुर ने ली बैठक, 17 सितंबर से होंगे 12 कार्यक्रम

lok sev
previous arrow
next arrow
सेवा संकल्प अभियान को लेकर बीईओ दीपक ठाकुर ने संकुल प्राचार्यों एवं शैक्षिक समन्वयकों की ली बैठक
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शासकीय-अशासकीय विद्यालयों में होंगे विभिन्न कार्यक्रम, शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर दिए निर्देश
पंडरिया। लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के निर्देशानुसार शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” को लेकर शनिवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर ने संकुल प्राचार्यों एवं शैक्षिक समन्वयकों की बैठक ली। बैठक में जिला दंडाधिकारी, संयुक्त संचालक, अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त निर्देशों की जानकारी देते हुए अभियान के तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बीईओ दीपक ठाकुर ने बताया कि सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अभियान के अंतर्गत कुल 12 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शिक्षा विभाग से जुड़े तीन प्रमुख कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया गया है। 17 सितंबर को शाम 6 बजे सभी विद्यालयों में “सौ आशीर्वाद का दीया” जलाया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 वर्षों की उपलब्धियों और सेवा-समर्पण की भावना को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में 18 सितंबर को “मेरे सपनों का भारत” विषय पर चित्रकला, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 19 सितंबर को विद्यालय स्तर पर इनकी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं तीन स्तरों पर आयोजित होंगी। 18 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलने वाली इन गतिविधियों में विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को संकुल, विकासखंड एवं जिला स्तर पर प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा।

विकासखंड स्तर पर प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के चयनित प्रतिभागियों की प्रतियोगिता 28 सितंबर तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्तर के प्रतिभागियों की प्रतियोगिता 1 अक्टूबर को आयोजित होगी। कार्यक्रम की मॉनिटरिंग सहायक शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य, शैक्षिक समन्वयक एवं सहायक नोडल अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
बैठक में संस्कृति विभाग से संबंधित “नमो सेवा गाथा” कार्यक्रम के तहत अनकही कहानी एवं संगीतमय नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाने की जानकारी भी दी गई।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी दिए आवश्यक निर्देश
बैठक में बीईओ ने विद्यालयों में MBU की रिपोर्टिंग, ड्रॉपआउट बच्चों का सर्वे, मध्यान्ह भोजन की निर्धारित मात्रा एवं मीनू, स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को 20 एवं 25 तक के पहाड़े याद कराने के साथ-साथ भाषा को धाराप्रवाह पढ़ने पर भी विशेष फोकस करने कहा गया।

इसके अलावा विद्यालयों में प्रार्थना निर्धारित क्रम के अनुसार लाउडस्पीकर के माध्यम से कराने, भवन विहीन एवं अति जर्जर स्कूल भवनों का प्रस्ताव तैयार करने तथा शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार परीक्षा से पहले पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर, खंड स्रोत समन्वयक राममुरारी यादव, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश साहू सहित विकासखंड के 38 संकुलों के सभी प्राचार्य एवं शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।

Related posts