पंडरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 मवेशियों को क्रूरता पूर्वक ले जाते 03 आरोपी गिरफ्तार
पंडरिया (कबीरधाम)। थाना पंडरिया पुलिस ने पशु तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 24 नग गाय, बछड़ा एवं बछिया को सुरक्षित बरामद किया गया है, जिन्हें बिना चारा-पानी के क्रूरता पूर्वक पैदल हांककर मध्यप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था।
🔹 सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों द्वारा थाना पंडरिया पुलिस को सूचना दी गई थी कि कुछ व्यक्ति मवेशियों को नायलॉन रस्सी से बांधकर बिना भोजन-पानी के पैदल ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और गौ सेवक मौके पर ग्राम घुटुरकुंडी दैहान क्षेत्र पहुंचे।
🔹 मौके से 03 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन व्यक्तियों को मवेशियों के साथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई—
इंदर सिंह धुर्वे (40 वर्ष)
झंगलू धुर्वे (60 वर्ष)
समहर धुर्वे (30 वर्ष)
सभी निवासी लिम्हा, तहसील बजाग, जिला डिंडौरी (म.प्र.) बताए गए हैं।
🔹 क्रूरता पूर्वक किया जा रहा था परिवहन
जांच में पाया गया कि आरोपियों द्वारा मवेशियों को बिना किसी वैध दस्तावेज और रसीद के बिक्री हेतु मध्यप्रदेश के कट्टीपार ले जाया जा रहा था। कई पशुओं के गले और पैरों में रस्सी कसकर बांधी गई थी, जिससे उन्हें गंभीर पीड़ा हो रही थी।
🔹 मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
🔹 पुलिस का सख्त संदेश
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी और पशु क्रूरता में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह की गतिविधियों पर आगे भी कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।