कुकदूर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 साल से फरार स्थायी वारंटी समेत 2 गिरफ्तार

lok sev
previous arrow
next arrow
कुकदूर पुलिस की कार्रवाई: 14 साल से फरार स्थायी वारंटी समेत दो गिरफ्तार
कुकदूर। कबीरधाम जिले में फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुकदूर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने 14 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी समेत दो वारंटियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। इनमें से एक वारंटी को पुलिस की विशेष टीम ने मध्यप्रदेश के डिण्डौरी जिले से गिरफ्तार किया।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की लगातार पतासाजी की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा ने विशेष टीम गठित कर स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भँवर सिंह उर्फ भंवरू पिता दरबारी, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम नेऊर परसाटोला, थाना कुकदूर, जिला कबीरधाम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उक्त वारंटी पिछले 14 वर्षों से फरार था। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
इसी तरह दूसरे स्थायी वारंटी छत्तर सिंह पिता बाबूराव ध्रुवे, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम सैलाटोला अजगर, थाना समनापुर, जिला डिण्डौरी, मध्यप्रदेश की भी पुलिस टीम द्वारा तलाश की जा रही थी। विशेष टीम ने उसकी पतासाजी करते हुए ग्राम सैलाटोला, जिला डिण्डौरी पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को भी माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार न्यायालय से जारी स्थायी वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने तथा लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसे फरार आरोपियों एवं स्थायी वारंटियों की जानकारी जुटाकर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा सहित गठित विशेष पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related posts