छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के ग्राहकों को बड़ी राहत: 28 से 30 सितंबर तक की प्रस्तावित हड़ताल टली, सामान्य रूप से काम करेंगी शाखाएं
रायपुर। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के खाताधारकों और आम ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक बुलाई गई तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है।
हड़ताल टलने के बाद अब छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की सभी शाखाएं और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं निर्धारित समय पर सामान्य रूप से संचालित रहेंगी।
निकासी, जमा समेत सभी वित्तीय कार्य होंगे सुचारू
बैंक प्रबंधन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक, हड़ताल स्थगित होने से ग्राहकों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होगी। 28 से 30 सितंबर के दौरान शाखाओं में नकद निकासी, जमा, ड्राफ्ट, लोन संबंधी कार्य और अन्य जरूरी बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह जारी रहेंगी।
बैंक प्रबंधन ने जताया ग्राहकों का आभार
हड़ताल के स्थगन की जानकारी साझा करते हुए बैंक प्रशासन ने अपने सभी सम्मानित ग्राहकों का आभार व्यक्त किया है। प्रबंधन ने कहा कि खाताधारक बिना किसी चिंता के अपने बैंकिंग कार्य निपटा सकते हैं। बैंक ने ग्राहकों द्वारा जताए गए निरंतर विश्वास और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।