कुकदुर पुलिस ने मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ले जाते एक आरोपी को किया गिरफ्तार
पिकअप वाहन सहित 10 लाख रुपए की संपत्ति जब्त, चार मवेशियों को गौशाला में कराया सुरक्षित
कुकदुर। कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में मवेशियों को पिकअप वाहन में क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर कत्लखाना ले जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार मवेशियों और घटना में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप वाहन सहित कुल 10 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भेड़ागढ़ निवासी बुधराम बघेल ने 2 नवंबर 2026 को थाना कुकदुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी करन साहू और भुरू यादव द्वारा दो भैंसी एवं दो पड़िया, कुल चार मवेशियों को महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 10 CB 4328 में क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर बिना चारा-पानी के कत्लखाना ले जाया जा रहा था।
शिकायत के आधार पर कुकदुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी करन साहू (22), पिता भाईराम साहू, निवासी ग्राम अमलडीही, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को 2 नवंबर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी को 3 नवंबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय पंडरिया के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी भुरू यादव फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
चार मवेशियों को गौशाला में सुरक्षित रखवाया
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार मवेशियों की अनुमानित कीमत एक लाख रुपए तथा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप वाहन की कीमत नौ लाख रुपए आंकी है। इस प्रकार कुल 10 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
जब्त मवेशियों का पशु चिकित्साधिकारी पंडरिया से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। उनके उचित देखरेख एवं संरक्षण के लिए सुरभी गौशाला, मथानीखार, ग्राम पंचायत बिरकोना, थाना पंडरिया में सुरक्षित रखवाया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पशु तस्करी अथवा पशुओं के प्रति क्रूरता की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।