आगरपानी क्रिकेट प्रतियोगिता 2026: डालामौहा ने फाइनल में आगरपानी को हराकर जीता खिताब, माठपुर तीसरे स्थान पर

lok sev
previous arrow
next arrow
आगरपानी प्रकृति की गोद में बसे सुदूर वनांचल और दो पहाड़ियों के बीच शांत वातावरण व हरियाली के बीच इन दिनों क्रिकेट का एक शानदार महोत्सव चल रहा है। इसी कड़ी में आगरपानी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें डालामौहा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस सीजन का दूसरा फाइनल अपने नाम कर लिया। इस शानदार टूर्नामेंट में डालामौहा ने पहला स्थान, आगरपानी ने दूसरा स्थान और माठपुर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
फाइनल मुकाबला आठ-आठ ओवरों का खेला गया, जिसमें डालामौहा के कप्तान राम परस्ते ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आगरपानी की टीम ने निर्धारित आठ ओवरों में 69 रन बनाए और डालामौहा के सामने जीत के लिए 70 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी डालामौहा की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए महज 6.3 ओवरों में ही 4 विकेट के नुकसान पर 70 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम के कप्तान राम परस्ते ने छक्का लगाकर शानदार अंदाज में विनिंग शॉट खेला और टीम को जीत दिलाई।
मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले विक्रम धुर्वे को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जिन्होंने बल्लेबाजी में 31 रनों की शानदार पारी खेली और गेंदबाजी में 3 ओवर में मात्र 11 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए माठपुर के जय सिंह को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया। इस दौरान डालामौहा की टीम के उप कप्तान अंजोरी धुर्वे सहित सभी खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा।
टूर्नामेंट के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। जिसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में डालामौहा को 20,000 रुपये और विजेता ट्रॉफी दी गई, द्वितीय पुरस्कार के तहत आगरपानी को 10,000 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई, तथा तृतीय पुरस्कार माठपुर को 5,000 रुपये और ट्रॉफी के रूप में दिया गया। पहाड़ों और जंगलों के बीच बसे इस सुदूर आदिवासी क्षेत्र में दर्शकों की खचाखच भीड़ के बीच यह आयोजन बेहद सफल और यादगार रहा।

Related posts