भेड़ागढ़ आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन कार्यक्रम’ संपन्न, सुपोषित बच्चों और माताओं का हुआ सम्मान

lok sev
previous arrow
next arrow
भेड़ागढ़ आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में ‘आंगन मिलन कार्यक्रम’ संपन्न, बच्चों व माताओं को दी पोषण एवं योजनाओं की जानकारी
भेड़ागढ़। ग्राम पंचायत भेड़ागढ़ के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में 30 सितंबर 2026 को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन मिलन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01, 02 और 05 की कार्यकर्ताओं सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, बच्चे, माताएं एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ते हुए बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 की कार्यकर्ता रामफूल बघेल, केंद्र क्रमांक 02 की कार्यकर्ता आरती सोनवानी तथा केंद्र क्रमांक 05 की कार्यकर्ता सावित्री उपस्थित रहीं। इस दौरान ग्राम पंचायत भेड़ागढ़ की सरपंच सम्मत बाई पात्रे, सरपंच प्रतिनिधि अवधेश पात्रे, पंचायत सचिव भगवत प्रसाद, ग्राम पटेल हीरा सिंह बघेल सहित पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों, माताओं और अभिभावकों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। महिलाओं के लिए मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता कराई गई, वहीं बच्चों के लिए ‘स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। सुपोषित बच्चों एवं उनकी माताओं को सम्मानित कर बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को प्रशस्ति पत्र और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र नए हितग्राहियों का मौके पर पंजीयन भी किया गया। योजनाओं का लाभ ले रहीं माताओं ने अपने अनुभव साझा किए। बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए ‘खिलौना बैंक’ को समृद्ध करने समुदाय से खिलौने एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की गई।
आंगनबाड़ी केंद्र में स्थानीय खाद्यान्न, हरी सब्जियों एवं फलों से तैयार ‘मेरी पौष्टिक थाली’ के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, गर्भवती माताओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक टीकाकरण भी किया गया। बच्चों के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित हुईं।
जनभागीदारी से आयोजित ‘न्योता भोज’ में बच्चों को पौष्टिक भोजन, फल एवं मिठाइयां वितरित की गईं। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को ‘विकसित भारत-2047’ के नागरिक संकल्प से जोड़ते हुए स्वास्थ्य, पोषण और सामुदायिक सहभागिता के महत्व की जानकारी दी गई।

Related posts