SRPS में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
भोजन और उपहार पाकर खिले नन्हे विद्यार्थियों के चेहरे, 40 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा
पंडरिया।सन राइस पब्लिक स्कूल (SRPS) अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 40 से अधिक नन्हे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान बच्चों को स्वादिष्ट भोजन एवं उपहार भी वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में डॉक्टर प्रमिला सोनी एवं शिक्षिका अन्नू गोस्वामी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न आकर्षक वेशभूषाओं के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
विद्यालय की डायरेक्टर उर्मिला महापात्रा के निर्देशन एवं प्राचार्य बिस्वजीत रथ के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
विद्यालय के उपप्राचार्य पीसी महापात्रा ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतिवर्ष अलग-अलग अवसरों पर इस तरह के रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों का बौद्धिक एवं मानसिक विकास करने के साथ मनोरंजन, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास विकसित करने का बेहतर माध्यम हैं।