जनसेवा ही भावना: विधायक भावना बोहरा ने मरीजों की सहायता के लिए अस्पतालों में नियुक्त किए सहयोगी, इलाज से लेकर जानकारी तक मिलेगी मदद
कवर्धा। आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने और अस्पतालों में इलाज के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों को होने वाली परेशानियों को कम करने के उद्देश्य से पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने सराहनीय पहल की है। उनकी ओर से मरीजों और उनके परिजनों की सहायता के लिए रायपुर के शासकीय अस्पतालों तथा जिला अस्पताल कबीरधाम में सहयोगियों की व्यवस्था की गई है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को अस्पतालों में इलाज, आवश्यक जानकारी और अन्य प्रकार की सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी मरीज या उसके परिजन को भटकना न पड़े।
विधायक भावना बोहरा की इस पहल के तहत रायपुर स्थित शासकीय अस्पतालों में मरीजों की सहायता के लिए एस. रवि को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें डी.के.एस. सुपर स्पेशलिटी अस्पताल एवं मेकाहारा अस्पताल शामिल हैं। इन अस्पतालों में उपचार कराने पहुंचने वाले मरीज और उनके परिजन किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए एस. रवि से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 77478 92000 जारी किया गया है।
इसी तरह कबीरधाम जिले के जिला अस्पताल में भी मरीजों की सहायता के लिए दुर्गेश साहू को सहयोगी के रूप में उपस्थित रहने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को उपचार संबंधी जानकारी, अस्पताल में आवश्यक प्रक्रिया और अन्य प्रकार की सहायता की जरूरत पड़ने पर वे दुर्गेश साहू से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 7509000356 जारी किया गया है।
अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीण और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों से मरीज बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर जिला अस्पताल या रायपुर के बड़े शासकीय अस्पतालों तक पहुंचते हैं। लेकिन अस्पतालों की प्रक्रिया, विभागों की जानकारी, उपचार से संबंधित औपचारिकताओं और अन्य आवश्यक कार्यों की जानकारी नहीं होने के कारण मरीजों तथा उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार बाहर से आने वाले लोगों को सही जानकारी प्राप्त करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। ऐसे में अस्पतालों में सहयोगी की उपलब्धता मरीजों और उनके परिजनों के लिए मददगार साबित हो सकती है।
विधायक भावना बोहरा की इस पहल को जनसेवा और संवेदनशीलता से जोड़कर देखा जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय मरीजों और उनके परिवारों को सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना भी है।
इस पहल के माध्यम से पंडरिया विधानसभा सहित कबीरधाम जिले के लोगों को रायपुर के डी.के.एस. सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मेकाहारा अस्पताल और जिला अस्पताल कबीरधाम में सहायता प्राप्त करने का माध्यम उपलब्ध कराया गया है।
विधायक भावना बोहरा का संदेश स्पष्ट है कि जनसेवा ही भावना है और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना ही सच्ची जनसेवा है।