पंडरिया विधानसभा के कुकदुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरुलडीह के आश्रित गांव गभोड़ा में एक प्रेम प्रसंग के चलते युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पंडरिया के निखिल वार्ड क्रमांक 6 निवासी रूपेश यादव उर्फ रूप्पू यादव के रूप में हुई है, जो बस में कंडक्टर का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, गभौड़ा आंगनबाड़ी में सहायिका के रूप में कार्यरत बसंती बाई पति अमर सिंह के साथ रूपेश यादव का प्रेम संबंध चल रहा था। घटना वाले दिन महिला ने खुद रूपेश
को फोन कर घर बुलाया था। उसका पति अमर सिंह गांव से करीब दस किलोमीटर दूर रिश्तेदार के यहां गया हुआ था। रूपेश, मजगांव से रात को गभोड़ा पहुंचा, जहां महिला उसे लेने भी गई। जब महिला का देवर रामसिंह घर पहुंचा, तो उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। उसने तुरंत अमर सिंह को फोन कर गांव बुलाया। गांव आते ही अमर सिंह और
रामसिंह ने मिलकर रूपेश पर लाठी और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रूपेश की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव घर के आंगन में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही कुकदुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने हत्या के आरोप में तीनों आरोपियों अमर सिंह (पति), रामसिंह (देवर) और महिला बसंती बाई को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कारर्वाई की जा रही है। इस घटना से इलाके में सनसनी का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।



