वनांचल की बेटियों के लिए विधायक भावना बोहरा की बड़ी पहल, 12 अक्टूबर से शुरू होगी निःशुल्क बस सेवा
कवर्धा/पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की बेटियों की शिक्षा, सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विधायक भावना बोहरा द्वारा एक और सराहनीय पहल की जा रही है। वनांचल क्षेत्र कुई-कुकदुर में अध्ययनरत महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए 12 अक्टूबर से निःशुल्क बस सेवा शुरू की जाएगी। इस सेवा का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली छात्राओं को सुरक्षित, सुगम और नियमित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि परिवहन की समस्या उनकी उच्च शिक्षा में बाधा न बने।
पंडरिया विधानसभा के कई वनांचल और दूरस्थ गांवों की छात्राओं को महाविद्यालय तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सीमित परिवहन साधनों और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण कई छात्राओं को पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई परिवार भी बेटियों के दूर कॉलेज जाने को लेकर चिंतित रहते हैं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विधायक भावना बोहरा ने छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराने की पहल की है।
बताया गया कि अब तक इस निःशुल्क बस सेवा के माध्यम से 1500 से अधिक महाविद्यालयीन छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। इस सुविधा से छात्राओं को न केवल कॉलेज आने-जाने में सहूलियत मिल रही है, बल्कि उनकी पढ़ाई में निरंतरता और आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।
इन गांवों की छात्राओं को मिलेगा लाभ
कुई-कुकदुर महाविद्यालय के लिए प्रस्तावित बस सेवा ग्राम अमनिया से शुरू होगी। इसके बाद ग्राम नेऊर में कुशियारी और महीडबरा की छात्राओं को बस में लिया जाएगा। वहीं दमगढ़ में लुढुटोला और उपका की छात्राओं को सुविधा मिलेगी। इसके बाद बस अमेरा, कुर्सीकछार और कुई की छात्राओं को लेकर कुई-कुकदुर महाविद्यालय पहुंचेगी।
इस व्यवस्था से वनांचल क्षेत्र की छात्राओं को रोजाना कॉलेज आने-जाने में होने वाली परेशानी कम होगी। साथ ही उन्हें सुरक्षित परिवहन की सुविधा मिलने से अभिभावकों की चिंता भी कम होने की उम्मीद है।
छात्राएं और परिजन इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क
निःशुल्क बस सेवा से संबंधित जानकारी, सुविधा और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के लिए छात्राएं एवं उनके परिजन मोबाइल नंबर 9754462000 एवं 9755359004 पर संपर्क कर सकते हैं।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि बेटियों की शिक्षा समाज के विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि “हमारी बेटियां पढ़ेंगी, आगे बढ़ेंगी और अपने सपनों को साकार करेंगी, तभी हमारा समाज और हमारा क्षेत्र वास्तव में सशक्त होगा।”
उन्होंने कहा कि वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों के सामने कॉलेज तक सुरक्षित पहुंचना भी एक बड़ी चुनौती है। लंबी दूरी, परिवहन के सीमित साधन और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण कई बार उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत की जा रही है, ताकि बेटियों को शिक्षा के लिए जरूरी सुविधाएं मिल सकें और वे बिना किसी बाधा के अपने भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।