पंडरिया विधानसभा में 3 जगह होगी दही हांडी प्रतियोगिता, विजेता को मिलेंगे ₹25 हजार और ट्रॉफी

lok sev
previous arrow
next arrow
पंडरिया विधानसभा में भव्य दही हांडी प्रतियोगिता, विजेताओं को मिलेंगे 25 हजार तक के नकद पुरस्कार
पंडरिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पंडरिया विधानसभा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक श्रीमती भावना बोहरा के मार्गदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), पंडरिया विधानसभा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर युवाओं और कृष्ण भक्तों में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
प्रतियोगिता को विधानसभा क्षेत्र के तीन अलग-अलग मंडलों में आयोजित किया जाएगा। पांडातराई एवं कुण्डा मंडल की प्रतियोगिता 3 सितंबर को बस स्टैंड कुण्डा में होगी। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।
इसी तरह पंडरिया, दुल्लापुर एवं कुई-कुकदूर मंडल की प्रतियोगिता 4 सितंबर को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, पंडरिया में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता के लिए 1 सितंबर तक पंजीकरण कराया जा सकेगा।
वहीं रणवीरपुर एवं इंदौरी मंडल की दही हांडी प्रतियोगिता 7 सितंबर को बजरंग चौक, दशरंगपुर में होगी। इसमें भाग लेने वाली टोलियों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 4 सितंबर रखी गई है। तीनों स्थानों पर कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से शुरू होंगे।
प्रथम विजेता को 25 हजार और ट्रॉफी
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टोलियों को आकर्षक नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टोली को 25 हजार रुपए एवं ट्रॉफी, द्वितीय स्थान पर रहने वाली टोली को 15 हजार रुपए एवं ट्रॉफी, जबकि तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टोली को 11 हजार रुपए एवं ट्रॉफी दी जाएगी।
35 से 40 फीट ऊंची होगी दही हांडी
आयोजन के तहत दही हांडी की ऊंचाई 35 से 40 फीट निर्धारित की गई है। प्रत्येक टोली को पिरामिड बनाने के लिए अधिकतम तीन अवसर दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने वाली प्रत्येक टोली में कम से कम 25 सदस्य होना अनिवार्य रहेगा। प्रतिभागी टोली को अपने निर्धारित मंडल में ही पंजीकरण कराना होगा। दूसरे मंडल में कराया गया पंजीकरण अमान्य माना जाएगा। प्रतियोगिता से संबंधित किसी भी विवाद अथवा परिस्थिति में आयोजन समिति का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होगा।
इन नंबरों पर करा सकते हैं पंजीकरण
दही हांडी प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक टोलियां 8817637275, 8319294962, 9755359004 एवं 9754462000 नंबरों पर संपर्क कर पंजीकरण करा सकती हैं। इसके अलावा प्रतिभागी अपने संबंधित मंडल के भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष से भी संपर्क कर सकते हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर होने वाले इस आयोजन को लेकर विधानसभा क्षेत्र में उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में युवा और दही हांडी की टोलियां प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर आयोजन को यादगार बनाएंगी।

Related posts