पंडरिया में आधार बनाने से इनकार: हिंदी में नाम नहीं होने का दिया हवाला, दूसरे केंद्र ने स्वीकार किया आवेदन

lok sev
previous arrow
next arrow
हिंदी में नाम नहीं होने का हवाला देकर आधार बनाने से इनकार, दूसरे केंद्र ने स्वीकार किया आवेदन
पंडरिया। नया आधार कार्ड बनवाने पहुंचे एक आवेदक को जनपद पंचायत पंडरिया स्थित आधार पंजीयन केंद्र से कथित तौर पर जन्म प्रमाण पत्र में हिंदी में नाम दर्ज नहीं होने का हवाला देकर वापस लौटा दिया गया। इसके बाद आवेदक ने दूसरे आधार पंजीयन केंद्र का रुख किया, जहां उसके दस्तावेजों की जांच के बाद आधार पंजीयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई और पंजीयन की रसीद भी जारी की गई। एक ही दस्तावेज के आधार पर दो केंद्रों में अपनाई गई अलग-अलग प्रक्रिया को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
आवेदक के अनुसार, वह नया आधार कार्ड बनवाने के लिए जनपद पंचायत पंडरिया स्थित आधार पंजीयन केंद्र पहुंचा था। वहां केंद्र संचालक ने उसके दस्तावेजों की जांच करने के बाद जन्म प्रमाण पत्र में हिंदी में नाम दर्ज नहीं होने की बात कही और आधार पंजीयन करने से इनकार कर दिया। आवेदक का कहना है कि इसके बाद उसे केंद्र से वापस लौटना पड़ा।
इसके बाद आवेदक दूसरे आधार पंजीयन केंद्र पहुंचा। यहां उसके दस्तावेजों की जांच की गई और आधार पंजीयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। पंजीयन के बाद उसे एक्नॉलेजमेंट/रसीद भी प्रदान की गई। उपलब्ध दस्तावेज में आवेदक का नाम Avir Singh Gayakwad तथा जन्मतिथि 05/01/2023 दर्ज है।
अलग-अलग प्रक्रिया से उठे सवाल
एक केंद्र द्वारा जन्म प्रमाण पत्र में हिंदी में नाम नहीं होने का हवाला देकर आधार पंजीयन से इनकार किए जाने और दूसरे केंद्र द्वारा उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आवेदन स्वीकार किए जाने से आवेदक के सामने असमंजस की स्थिति बन गई है। आवेदक का कहना है कि यदि कोई निर्धारित नियम या दस्तावेज संबंधी अनिवार्यता है तो सभी आधार पंजीयन केंद्रों पर उसकी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें।
नियम स्पष्ट करने की मांग
आवेदक ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि नए आधार पंजीयन के लिए जन्म प्रमाण पत्र में हिंदी में नाम दर्ज होना अनिवार्य है या नहीं। यदि ऐसा कोई प्रावधान है तो इसकी जानकारी आधार केंद्रों पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जानी चाहिए।
वहीं, यदि हिंदी में नाम दर्ज होना अनिवार्य नहीं है, तो जनपद पंचायत पंडरिया स्थित आधार पंजीयन केंद्र द्वारा आवेदन स्वीकार नहीं किए जाने के कारणों की जांच की जानी चाहिए। आवेदक ने अधिकारियों से मामले में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि आधार बनवाने पहुंचने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related posts