तीन संकुलों के स्कूलों की हुई समीक्षा, बीईओ दीपक ठाकुर ने दिए बेहतर शिक्षा के निर्देश

lok sev
previous arrow
next arrow
तीन संकुलों की संयुक्त समीक्षा बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता और जवाबदेही पर जोर
पंडरिया। विकासखंड पंडरिया अंतर्गत संकुल केंद्र किशुनगढ़ में गुरुवार को किशुनगढ़, सोमनापुर एवं नवगठित कापादह संकुल की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीनों संकुलों के प्राचार्य, संकुल अकादमिक समन्वयक (सीएसी) तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के सभी प्रधान पाठक शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और शैक्षणिक व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सभी शिक्षकों और अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधान पाठकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों की कार्ययोजना तैयार कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन करें। साथ ही विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में निरंतर सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासित वातावरण और बेहतर शिक्षण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में वीएसके उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की ऑनलाइन प्रविष्टि, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण, छात्रवृत्ति, विद्यार्थी प्रोग्रेशन सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई। बीईओ ने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान बीआरसी राममुरारी यादव ने विभागीय योजनाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचारों को अपनाने और नियमित मूल्यांकन के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
बैठक में सीएसी एम.एल. सोनवानी, शत्रुघ्न प्रसाद डड़सेना, गेंदराम साहू सहित तीनों संकुलों के प्राचार्य, प्रधान पाठक और शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने, समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण करने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related posts