पंडरिया में पांच दिवसीय संगीतमय शिवमहापुराण कथा का भव्य आयोजन, 22 अगस्त से उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
पंडरिया। नगर के नया बस स्टैंड पंडरिया में आगामी 22 अगस्त से पांच दिवसीय संगीतमय शिवमहापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन 22 अगस्त 2026 से शुरू होकर 26 अगस्त तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से प्रभु इच्छा तक कथा का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
सुप्रसिद्ध कथावाचक करेंगे शिवमहापुराण का रसपान
कथा के मुख्य प्रवचनकर्ता सुप्रसिद्ध कथावाचक पं. श्री किशन शास्त्री जी महाराज (बैरागीपारा, पंडरिया) होंगे। वे अपने मुखारविंद से शिवमहापुराण की महिमा, भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों और धार्मिक प्रसंगों का विस्तार से वर्णन करेंगे। आयोजन में पंचमुखी हनुमान मंदिर पंडरिया के पुजारी विकास मिश्रा भी सहभागिता देंगे।
पांच दिनों में होंगे विभिन्न धार्मिक प्रसंग
आयोजन के पहले दिन 22 अगस्त को भव्य कलश यात्रा, श्री गणेश पूजन एवं शिवमहापुराण महात्म्य का वर्णन किया जाएगा। 23 अगस्त को ब्रह्मा जी द्वारा सृष्टि वर्णन, हरिकेश ब्राह्मण कथा, नारद मोह एवं शिव पंचाक्षर महात्म्य की कथा होगी।
24 अगस्त को नंदीकेश्वर अवतार, भैरव अवतार एवं रुद्र अवतार कथा का प्रसंग श्रद्धालुओं को सुनाया जाएगा। वहीं 25 अगस्त को सती प्रसंग तथा भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह का विशेष प्रसंग कथा का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
कथा के अंतिम दिन 26 अगस्त को कार्तिकेय जन्म, श्री गणेश जन्म, प्रदोष व्रत कथा, रुद्राभिषेक चढ़ाहोतरी तथा हवन-पूर्णाहुति के साथ पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन होगा।
प्रतिदिन विशाल भंडारे की व्यवस्था
आयोजकों के अनुसार कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और भक्तों के लिए प्रतिदिन विशाल भंडारे एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई है। आयोजन में समस्त भक्तजन, पंचमुखी हनुमान मंदिर, क्षेत्रवासी एवं नगरवासी पंडरिया सहयोग कर रहे हैं।
आयोजकों ने नगर एवं क्षेत्रवासियों से सपरिवार शिवमहापुराण कथा में शामिल होकर भगवान शिव की कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।