2.628 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, 1.35 लाख का मशरूका जब्त
कवर्धा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम कांपा में कार्रवाई करते हुए 2.628 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन समेत करीब 1 लाख 35 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कांपा में गिरधारी यादव के आवासीय मकान के पीछे बाड़ी में शौचालय के पास गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए तलाशी ली। इस दौरान आरोपिया तितरी बाई यादव (43 वर्ष), पति गिरधारी यादव, निवासी ग्राम कांपा, थाना कवर्धा, जिला कबीरधाम के कब्जे से कंडे में छिपाकर रखे खाकी रंग के दो पैकेट तथा नीले रंग के कपड़े के थैले से कुल 2.628 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त 10 हजार रुपए नगद और गांजा तौलने में इस्तेमाल की जा रही 10 किलोग्राम क्षमता वाली इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजा, नगदी और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपए है।
मामले में महिला के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, खरीद या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।