तीज की उमंग, मातृशक्ति के संग: पंडरिया में 8 हजार से अधिक माताओं-बहनों ने मनाया तीज मिलन समारोह
पंडरिया। तीज पर्व के अवसर पर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में मातृशक्ति के सम्मान और छत्तीसगढ़ी संस्कृति को समर्पित भव्य तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान, पंडरिया में आयोजित इस समारोह में पंडरिया विधायक भावना बोहरा के साथ विधानसभा क्षेत्र की लगभग 8 हजार से अधिक माताओं-बहनों ने उत्साह और हर्षोल्लास के साथ सहभागिता की। विशाल आयोजन में महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी से पूरा परिसर तीज की उमंग और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वेशभूषा और साज-सज्जा में पहुंचीं माताओं-बहनों ने तीज पर्व की खुशियां साझा कीं। लोकगीत, पारंपरिक संगीत, मेहंदी तथा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपरा, आस्था और नारी शक्ति का उत्सव है। यह पर्व माताओं-बहनों के जीवन में खुशियां, प्रेम और उत्साह लेकर आता है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति समाज और परिवार की मजबूत आधारशिला है तथा उनके योगदान के बिना सामाजिक विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।
विधायक ने सभी माताओं-बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि, स्वस्थ जीवन और अखंड सौभाग्य की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
समारोह में पूरे विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों की मंडल अध्यक्ष, महिला जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित रहीं। आयोजन स्थल पर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच महिलाओं ने तीज मिलन का आनंद लिया।
भव्य आयोजन में हजारों महिलाओं की सहभागिता ने इसे विशेष बना दिया। लंबे समय तक महिलाओं के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। तीज मिलन समारोह के माध्यम से एक ओर जहां छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर मातृशक्ति के सम्मान और सहभागिता का संदेश भी सामने आया। समारोह में शामिल महिलाओं ने आयोजन को लेकर खुशी जाहिर की और इसे तीज पर्व की यादगार खुशियों से जुड़ा अवसर बताया।