ग्राम पोलमी में सार्वजनिक जमीन पर अवैध निर्माण
पंडरिया विधानसभा के कुकदुर थाना अंतर्गत ग्राम पोलमी में सार्वजनिक निस्तार की जमीन पर रसूकदार व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामवासियों का आरोप है कि विजय कुमार गढ़वाल नामक व्यक्ति द्वारा बैगा आश्रम के पास स्थित सार्वजनिक जमीन पर बुलडोजर चलाकर गड्ढा खोदवाया गया है, जिससे वहां घर बनाने की तैयारी की जा रही है। ग्रामवासियों के अनुसार यह जमीन पिछले 35 वर्षों से बसाए गए बैगा आदिवासी परिवारों के लिए जीवन रेखा रही है। इस स्थान पर शासन द्वारा पेयजल की व्यवस्था हेतु एक हेण्डपंप लगाया गया है, जो आज भी गांव के अधिकांश लोगों के लिए एकमात्र जलस्रोत है। अवैध निर्माण के चलते न सिर्फ जरहू बैगा का रास्ता अवरुद्ध हो गया है, बल्कि पूरे मोहल्ले के लोगों की
जल व्यवस्था भी संकट में पड़ गई है।
अवैध निर्माण को तत्काल रोकने की मांग
पीड़ित पक्ष का कहना है कि विरोध करने पर विजय कुमार गढ़वाल विवाद और लड़ाई-झगड़े पर उतारू हो जाता है। ग्रामवासियों ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस थाना कुकदुर में भी की है, लेकिन अब तक कोई कारर्वाई नहीं हुई है। जरह राम बैगा पुगिया बाई बैगा सिया बाई बैगा कासीराम बैगा बृहस्पति बैगा एवं हरिचन्द बैगा सहित कई ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), ब्लॉक-पण्डरिया को ज्ञापन सौंपकर उक्त अवैध निर्माण को तत्काल रोकने की मांग की है। उन्होंने अपील की है कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर कब्जा रोक कर आदिवासी समुदाय की मूलभूत आवश्यकताओं की रक्षा की जाए। यह मामला प्रशासनिक संज्ञान की प्रतीक्षा कर रहा है, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय और सुरक्षित जीवन यापन सुनिश्चित हो सके।



