तेंदुआ खाल तस्करी का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा। वन्यजीव अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कवर्धा वनमंडल ने बड़ी सफलता हासिल की है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की टीम ने दो नग तेंदुआ खाल सहित अन्य अवैध सामग्री जब्त कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो, भोपाल (भारत सरकार) एवं राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल, रायपुर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त जांच टीम का गठन किया गया था। इस टीम में कवर्धा वनमंडल के क्षेत्रीय अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
संयुक्त टीम ने तरेगांव क्षेत्र के ग्राम गुडली तथा कवर्धा परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोरभट्टी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो तेंदुआ खाल, हड्डियां, नाखून सहित अन्य वन्यजीव अवशेष बरामद किए गए।



