छठी कार्यक्रम से लौट रही युवती से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

lok sev
previous arrow
next arrow
छठी कार्यक्रम से लौट रही युवती से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम जिले के थाना चिल्फी क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती अपने परिचित के घर आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम से वापस लौटने के दौरान ग्राम सरोदादादर से रानीदहरा मार्ग के बीच जंगल क्षेत्र में उसके साथ दुष्कर्म की घटना घटित हुई। मामले की सूचना मिलते ही महिला थाना में अपराध दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना चिल्फी एवं महिला थाना की टीम मौके पर सक्रिय हुई। पुलिस द्वारा पीड़िता को तुरंत उपचार एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ मामले की जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिसम्मत तरीके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, युवती द्वारा आरोपियों की पहचान संबंधी वैधानिक प्रक्रिया तथा अन्य कानूनी कार्रवाई अभी शेष है। इसी कारण फिलहाल आरोपियों की फोटो और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
कबीरधाम पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है तथा पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related posts