कवर्धा में आज खप्पर यात्रा, ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव
कवर्धा, 26 मार्च 2026। नवरात्रि पर्व के अवसर पर कवर्धा नगर में आज रात्रि पारंपरिक खप्पर यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव करते हुए कई प्रतिबंध लागू किए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, रात्रि 9 बजे से सुबह 3 बजे तक नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं रात 11 बजे से खप्पर यात्रा समाप्ति तक सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यात्रा के निर्धारित मार्ग में किसी भी प्रकार के वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खप्पर यात्रा मां परमेश्वरी/मां चंडी मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मंदिरों से होते हुए पुनः खेड़ापति मंदिर में संपन्न होगी। इस दौरान पूरे मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल तैनात रहेगा।
यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे यात्रा मार्ग में वाहन खड़ा न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
इसके अलावा, फुटपाथ और सड़क किनारे दुकान लगाने वाले, फेरी एवं ठेला संचालकों को रात 9 बजे तक ही दुकान संचालित करने की अनुमति दी गई है। निर्धारित समय के बाद दुकान लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस नियंत्रण कक्ष या थाना कोतवाली से संपर्क करें।