कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
पंडरिया, 23 अप्रैल 2026जिला कबीरधाम में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंडरिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब का अवैध विक्रय करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 8 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं नगद राशि जप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में जिले भर में अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल, अमित पटेल एवं एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह धनेश्री के मार्गदर्शन में थाना पंडरिया पुलिस लगातार सक्रिय है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खैरडोंगरी निवासी रेखू साहू अपने घर आंगन में हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब का अवैध रूप से विक्रय कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी कर रेड डाली।
रेड के दौरान आरोपी रेखू साहू (29 वर्ष) को रंगे हाथों पकड़ा गया। उसके पास से 8 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 1600 रुपये आंकी गई है, तथा बिक्री की 200 रुपये नगद राशि बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में सउनि मोहनलाल खुंटे, आरक्षक अभिषेक शर्मा, विकास जांगड़े, हुकुम माथुर एवं महिला आरक्षक रत्नी मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।