कमराखोर में पेयजल समस्या के समाधान हेतु बोर खनन, ग्रामीणों ने विधायक भावना दीदी का जताया आभार
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोखान अंतर्गत ग्राम कमराखोर में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बोर खनन कार्य प्रारंभ किया गया। ग्रामवासियों द्वारा क्षेत्र की जल समस्या को लेकर पंडरिया विधायक भावना बोहरा को अवगत कराया गया था, जिस पर उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विधायक के निर्देश के बाद आज गांव में बोर खनन कार्य कराया गया, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट लगातार बढ़ता जा रहा था। गांव के कई परिवारों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा था, जिससे महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। समस्या की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने विधायक भावना दीदी से समाधान की मांग की थी।
ग्रामीणों का कहना है कि विधायक भावना दीदी ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और बोर खनन कार्य शुरू कराया। इससे आने वाले दिनों में गांववासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने विधायक की संवेदनशीलता, सक्रियता और जनसमस्याओं के प्रति तत्परता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
गांव के लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि यदि इसी प्रकार जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते रहें, तो ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विकास संभव है। ग्रामवासियों ने विधायक भावना दीदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी पहल से गांव की एक बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में सार्थक कदम उठाया गया है।