मोहगांव में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 40 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न, विधायक भावना बोहरा ने दिया आशीर्वाद

lok sev
previous arrow
next arrow
मोहगांव में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 40 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न, विधायक भावना बोहरा ने दिया आशीर्वाद
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और विवाह बंधन में बंधे 40 नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जिला एवं जनपद सदस्य सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। पूरे समारोह में उत्साह, उल्लास और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला। विवाह मंडप को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां नवविवाहित जोड़ों ने पूरे विधि-विधान से सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रदेश सरकार की दूरदर्शी एवं संवेदनशील जनकल्याणकारी योजना है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक, गरिमामय एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विवाह कराना नहीं, बल्कि बेटियों के जीवन में आत्मसम्मान, सुरक्षा और विश्वास के साथ नई शुरुआत सुनिश्चित करना है।
विधायक बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से हजारों बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। समाज के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को इस योजना से आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ सामाजिक सहयोग और सम्मान भी प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने, परिवार एवं समाज के मूल्यों को बनाए रखने और खुशहाल जीवन जीने की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और सामाजिक संस्कृतियों का पवित्र मिलन होता है।
समारोह के दौरान नवविवाहित जोड़ों को योजना अंतर्गत आवश्यक सामग्री एवं उपहार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पूरे आयोजन में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Related posts