पंडरिया विधानसभा की बेटियों के लिए बड़ी सौगात: अब निःशुल्क बस सेवा से सुरक्षित और सुगम शिक्षा यात्रा
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल इलाकों कुई-कुकदुर और कुण्डा में अध्ययनरत छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, सशक्तिकरण और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र से निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत की जा रही है।
इस नई व्यवस्था के तहत अब कुल 10 बसों का संचालन किया जाएगा, जो पंडरिया विधानसभा के विभिन्न महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को उनके घरों और गांवों से सुरक्षित रूप से कॉलेज तक तथा कॉलेज से वापस घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगी।
इस योजना से अब तक 1000 से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। नई बस सेवा शुरू होने के बाद वनांचल क्षेत्र की और अधिक बेटियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनकी शिक्षा यात्रा और अधिक सुरक्षित, सुगम और नियमित हो सकेगी।
स्थानीय स्तर पर इस पहल को बेटियों की शिक्षा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी।