वनांचल ग्राम पुटपुटा और भाखुर पहुंचीं विधायक भावना बोहरा, आदिवासियों की सुनीं समस्याएं, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
कवर्धा/पंडरिया: पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की सक्रिय विधायक भावना बोहरा अपने सघन जनसंपर्क अभियान के तहत सुदूर वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर लगातार ग्रामीणों के बीच पहुंच रही हैं। इसी कड़ी में विधायक भावना बोहरा पंडरिया ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले दुर्गम वनांचल ग्राम पुटपुटा और भाखुर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के निवास पर सौजन्य भेंट की और सुदूर वनांचल में रहने वाले जनजातीय समाज की महिलाओं व ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं से रूबरू हुईं।

पुटपुटा में सुमीर पुसाम के निवास पर हुआ भोजन
वनांचल ग्राम पुटपुटा आगमन पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन मंत्री सुमीर पुसाम के गृह निवास पर विधायक भावना बोहरा का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक ने सुमीर पुसाम के परिजनों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ सादगीपूर्वक भोजन ग्रहण किया। इस अनौपचारिक मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों और संगठन की मजबूती को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्नेह और आतिथ्य ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।



