अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बंदर की मौत, ग्रामीणों ने किया अंतिम संस्कार
कुकदूर। पंडरिया-बजाग स्टेट हाईवे क्रमांक 05 पर एक बार फिर सड़क दुर्घटना में एक बेजुबान जानवर की जान चली गई। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला कुकदूर क्षेत्र का है, जहां एडवोकेट सुधीर पांडेय के घर के पास एक बंदर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 10 बजे राहगीरों ने सड़क किनारे एक घायल बंदर को जीवित अवस्था में पड़ा देखा। बंदर गंभीर रूप से घायल था और दर्द से तड़प रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल पशु सहायता के लिए 1962 डायल कर पशु चिकित्सा इकाई को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पशु चिकित्सा वाहन मौके पर पहुंचा और घायल बंदर का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।

हालांकि चिकित्सकीय टीम द्वारा हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन बंदर की चोटें अत्यधिक गंभीर थीं। उपचार के लगभग डेढ़ घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में गहरा दुख देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन सड़कों पर मवेशी, बंदर और अन्य वन्य जीव दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, जिससे उनकी असमय मौत हो रही है।



