नवनियुक्त बीईओ दीपक सिंह ठाकुर ने संघ प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, समस्याओं के त्वरित निराकरण का दिया आश्वासन

lok sev
previous arrow
next arrow
नवनियुक्त बीईओ दीपक सिंह ठाकुर ने संघ प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, समस्याओं के त्वरित निराकरण का दिया आश्वासन
पंडरिया। नव नियुक्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दीपक सिंह ठाकुर ने सोमवार को पंडरिया विकासखंड के विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शिक्षा व्यवस्था, शैक्षणिक गुणवत्ता और कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उन्होंने सभी संघ प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान बीईओ श्री ठाकुर ने कहा कि सभी शिक्षक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा समय पर विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल नौकरी या ड्यूटी की भावना से कार्य न करें, बल्कि विद्यालय को अपने घर और विद्यार्थियों को अपने परिवार की तरह मानकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। इससे शिक्षा के स्तर में निश्चित रूप से सुधार आएगा और विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर बनेगा।
उन्होंने कर्मचारियों और शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या कार्यालयीन समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाएगा। मेडिकल बिल, अवकाश स्वीकृति, वेतन संबंधी मामलों तथा अन्य लंबित कार्यालयीन कार्यों में होने वाली देरी को समाप्त करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके कार्यालय में किसी भी कर्मचारी की फाइल या आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहेगा और सभी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाएगा।
बैठक के दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों से जुड़ी कई समस्याओं और मांगों से बीईओ को अवगत कराया। श्री ठाकुर ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित लिपिकों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर बीआरसीसी राममुरारी यादव, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामचंद साहू सहित शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बैठक से पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक सिंह ठाकुर ने बीईओ कार्यालय परिसर में नीम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सभी विद्यालय प्रमुखों एवं शिक्षकों से अपने-अपने विद्यालयों में पौधारोपण करने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर प्रफुल्ल बिसेन, शत्रुघ्न डड़सेना, ऋषि कुमार महरा, मोहन राजपूत, सुरेश ठाकुर, संतोष सोनी, राजेश पांडेय, परसराम अंचल, रघुनंदन गुप्ता, होरीलाल गबेल सहित विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts