35 वर्षों में पहली बार खुले आसमान के नीचे आयोजित हुई ग्राम सभा, बदना पंचायत में नई पहल
बदना। वनांचल क्षेत्र की ग्राम पंचायत बदना में ग्राम सभा आयोजन को लेकर एक नई और सराहनीय पहल देखने को मिली। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद ग्राम पंचायत बदना में ग्राम सभा का आयोजन खुले आसमान के नीचे पीपल के विशाल वृक्ष की छांव में किया गया। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत गठन के बाद लगभग 35 वर्षों में यह पहला अवसर है जब ग्राम सभा बंद कमरे के बजाय खुले वातावरण में आयोजित की गई, जिससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और पंचायत के कार्यों की जानकारी सीधे और पारदर्शी तरीके से प्राप्त हुई।
ग्राम सभा की अध्यक्षता सरपंच शंकर सिंह यादव ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचगण, जनप्रतिनिधि एवं पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्राम सभा के दौरान पंचायत से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा गांव के विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और आगामी योजनाओं पर ग्रामीणों से सुझाव लिए गए।
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के संबंध में पात्र हितग्राहियों की सूची, योजना की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया को विस्तार से पढ़कर सुनाया गया। सरपंच शंकर सिंह यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से ग्राम सभा में सभी प्रस्तावों और योजनाओं की जानकारी सार्वजनिक रूप से ग्रामीणों के समक्ष रखी गई।
ग्राम सभा में पंचायत सचिव द्वारा विभिन्न एजेंडों का वाचन किया गया तथा पंचायत की आय-व्यय, विकास कार्यों एवं आगामी प्रस्तावों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को ग्राम सभा में रखा, जिनके निराकरण का आश्वासन पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले ग्राम सभाएं अक्सर बंद कमरों में आयोजित होती थीं, जिससे सभी लोगों की सहभागिता नहीं हो पाती थी। लेकिन इस बार खुले वातावरण में आयोजित ग्राम सभा ने पारदर्शिता और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया है। पीपल वृक्ष की छांव में आयोजित इस बैठक में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सरपंच शंकर सिंह यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत के प्रत्येक कार्य को पारदर्शी और जनहितकारी बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और इसमें प्रत्येक ग्रामीण की सहभागिता आवश्यक है। इसी सोच के साथ ग्राम सभा को खुले आसमान के नीचे आयोजित किया गया ताकि अधिक से अधिक लोग शामिल होकर पंचायत की योजनाओं और निर्णयों से अवगत हो सकें।



