वनांचल ग्राम बदना में धूमधाम से मनाया गया संकुल एवं शाला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव

lok sev
previous arrow
next arrow
वनांचल ग्राम बदना में धूमधाम से मनाया गया संकुल एवं शाला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव
पंडरिया। विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम बदना में स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार संकुल एवं शाला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवीन विद्यार्थियों का विद्यालय में स्वागत करना, शत-प्रतिशत नामांकन को बढ़ावा देना तथा शिक्षा के प्रति पालकों और समुदाय को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक-2 श्रीमती रमिहा रमेश मरावी थीं, जबकि अध्यक्षता ग्राम पंचायत बदना के सरपंच श्री शंकरलाल यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत बिरहुलडीह की सरपंच श्रीमती बिन्दा पनागर, श्री अशोक मरावी एवं ग्राम पंचायत बदना के पंचगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

संकुल समन्वयक चंद्रप्रकाश राजपूत ने शाला प्रवेशोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा के अधिकार, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा मिठाई और फल खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें पाठ्यपुस्तकें, कॉपी और पेन वितरित किए गए। श्री अशोक मरावी द्वारा भी बच्चों को कॉपी एवं पेन प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही पालकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने और उन्हें नियमित विद्यालय भेजने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व स्व-सहायता समूह बदना द्वारा बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें खीर, पूरी एवं आलू-मटर की सब्जी परोसी गई। ग्रामीणों, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा के प्रसार और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया।

अंत में संकुल समन्वयक ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, ग्रामीणजनों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उत्साह और उमंग से भरपूर वातावरण में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संकुल केंद्र बदना के प्रधान पाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related posts