कबीरधाम: कुकदुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 1 अगस्त को लगेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, तैयारियां शुरू

lok sev
previous arrow
next arrow
कुकदुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 1 अगस्त को लगेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, जिला अस्पताल ने गठित की टीम
कवर्धा (कबीरधाम)। जिले में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदुर में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय कबीरधाम के सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह शिविर 1 अगस्त 2026 (शनिवार) को सुबह 10 बजे से आयोजित होगा।
शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला चिकित्सालय सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। इसके लिए विशेष टीम का गठन किया गया है, जो रक्त संग्रहण, जांच और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी।
जारी आदेश के अनुसार शिविर में पैथोलॉजिस्ट डॉ. एस.के. शर्मा, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट मनोहर लाल पावले और गोपाल दास मानिकपुरी को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदुर के मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट होरीलाल यादव, ब्लड बैंक काउंसलर अलिन्द कुमार साहू, वार्ड बॉय यशवंत पटेल और वाहन चालक मेला राम को भी टीम में शामिल किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने शिविर की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। सिविल सर्जन कार्यालय ने स्टोर कीपर को निर्देशित किया है कि रक्तदान शिविर के लिए आवश्यक उपकरण, सामग्री और कंज्युमेबल्स समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि शिविर के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर कबीरधाम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) तथा खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) पंडरिया सहित संबंधित अधिकारियों को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की है। विभाग का कहना है कि रक्तदान एक मानवीय सेवा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है।

Related posts