हरेली पर्व पर कबीरधाम पुलिस का विशेष अभियान, शाम ढलते ही सड़कों पर बढ़ी निगरानी
कवर्धा। हरेली पर्व के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस ने 12 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल ने व्यापक निगरानी और जांच अभियान चलाया।
अभियान के तहत थाना एवं चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग की गई। वहीं अलग-अलग स्थानों पर MCP लगाकर वाहनों की जांच की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए लगातार क्षेत्र में भ्रमण किया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना और पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखना रहा।
हरेली पर्व को लेकर बढ़ाई गई सुरक्षा
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व हरेली को देखते हुए जिले के प्रमुख स्थानों और मार्गों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई। पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।
आम नागरिकों को परेशानी नहीं, असामाजिक तत्वों पर सख्ती
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिए कि कानून का पालन करने वाले आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य आमजन को असुविधा पहुंचाना नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करना है।
महिला थाना एवं अजाक थाना के पुलिस बल ने सिटी कोतवाली कवर्धा के साथ समन्वय बनाकर अभियान में आवश्यक कार्रवाई की। जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा देर रात तक पेट्रोलिंग और निगरानी जारी रही।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया कि हरेली पर्व सहित प्रत्येक अवसर पर जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है, ताकि आमजन बिना किसी भय के अपने पर्व और दैनिक गतिविधियां संपन्न कर सकें।