सन राइस पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन की धूम, नन्हें भैय्या को लाडली बहनों ने बांधी राखी

lok sev
previous arrow
next arrow
नन्हें भैय्या को लाडली बहनों ने बांधी राखी, सन राइस पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन पर्व की धूम
पंडरिया। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षा संस्थान सन राइस पब्लिक स्कूल अंग्रेजी माध्यम में रक्षाबंधन पर्व के एक दिन पूर्व हर्षोल्लास के साथ रक्षा बंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षा सूत्र बांधकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की डायरेक्टर उर्मिला महापात्रा ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार या परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच सम्मान, लगाव, पारिवारिक एहसास और अटूट प्रेम का प्रतीक है। यह पर्व उस भावना का स्मरण कराता है, जिसमें भाई हर परिस्थिति में अपनी बहन के लिए सुरक्षा कवच बनकर खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में भाई-बहन का यह रिश्ता माता-पिता की स्मृतियों और पारिवारिक मूल्यों को भी संजोए रखने का माध्यम है।
विद्यालय के प्राचार्य बिस्वजीत रथ ने रक्षाबंधन को धर्म, आस्था, प्रेम और स्नेह से जुड़ा पर्व बताते हुए कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राएं शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए अपने बच्चों की तरह हैं। विद्यालय परिवार की इच्छा है कि विद्यार्थी शिक्षा और ज्ञान के साथ-साथ स्नेह, भाईचारा, अपनत्व, भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता के मूल्यों को भी अपने जीवन में आत्मसात करें।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के बीच प्रेम, सहयोग और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। इससे बच्चों में सामाजिक और व्यवहारिक मूल्यों का विकास होता है तथा वे शिक्षा के साथ संस्कारों की दिशा में भी आगे बढ़ते हैं।
रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों की मुस्कान, उमंग और उत्साह देखते ही बन रहा था। छात्राओं ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा तो छात्रों ने भी बहनों के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। कुछ घंटों के लिए विद्यालय परिसर भाई-बहन के प्रेम, भारतीय संस्कृति और भावनाओं से सराबोर नजर आया।
बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाया। आयोजन ने विद्यार्थियों में विद्यालय, शिक्षकों और अपने सहपाठियों के प्रति अपनत्व की भावना को भी मजबूत किया।
कार्यक्रम का विशेष आयोजन विद्यालय के उप प्राचार्य पी.सी. महापात्रा के कुशल नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related posts