तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को मिलेगी छात्रवृत्ति, 1 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू

lok sev
previous arrow
next arrow
तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को मिलेगी छात्रवृत्ति, 1 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ के तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में राहत और प्रोत्साहन देने वाली महत्वपूर्ण पहल की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्रदान करने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का लाभ राज्य के तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के पात्र एवं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को मिलेगा। छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगी।
इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को शिक्षा अनुदान राशि प्रदान की जाएगी, जिससे तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों को आगे की पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहायता मिल सके। विभाग ने आवेदन से लेकर पात्रता जांच और भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन सॉफ्टवेयर पोर्टल के माध्यम से संचालित करने की व्यवस्था की है। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता आने के साथ ही पात्र विद्यार्थियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
निर्धारित समय-सीमा में पूरी होगी आवेदन प्रक्रिया
विभाग द्वारा छात्रवृत्ति आवेदन को लेकर विस्तृत समय-सारणी जारी की गई है। इसके अनुसार विद्यार्थी 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति के प्रबंधक आवेदनों की जांच करेंगे और पात्र विद्यार्थियों की सूची 5 अक्टूबर 2026 तक संबंधित जिला यूनियन को उपलब्ध कराएंगे।
जांच के दौरान जिन आवेदनों में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाएगी, उन्हें जिला यूनियन द्वारा सुधार के लिए वापस किया जाएगा। विद्यार्थियों को ऐसे आवेदनों में आवश्यक सुधार 10 अक्टूबर 2026 तक करना होगा। इसके बाद पात्रता निर्धारण समिति द्वारा आवेदनों का परीक्षण किया जाएगा और जांच के बाद पात्र आवेदन 20 अक्टूबर 2026 तक जिला यूनियन को भेजे जाएंगे।
इसके बाद जिला यूनियन द्वारा सभी पात्र आवेदनों को सॉफ्टवेयर के माध्यम से 25 अक्टूबर 2026 तक छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मुख्यालय को भेजा जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र विद्यार्थियों को योजना के तहत शिक्षा अनुदान राशि प्रदान की जाएगी।
समय-सीमा बढ़ाने की व्यवस्था नहीं
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूर्व वर्षों में निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी कई बार आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाती थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित रह जाते थे और इस संबंध में शिकायतें प्राप्त होती थीं। इसे देखते हुए इस वर्ष आवेदन की निर्धारित समय-सीमा में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं करने का निर्णय लिया गया है।
विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक विद्यार्थियों और उनके परिवारों तक पहुंचाई जाए। इसके लिए गांवों, प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों तथा संबंधित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर योजना का लाभ उठाएं।
तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों के लिए यह छात्रवृत्ति योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर सकती है। समय पर आवेदन करने से पात्र विद्यार्थी इस शैक्षणिक सहायता से वंचित होने से बच सकेंगे।

Related posts