विधायक भावना बोहरा की कांवड़ यात्रा से भक्तिमय हुआ पंडरिया, जलेश्वर महादेव में किया जलाभिषेक
पंडरिया। छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और प्रदेशवासियों के मंगल की कामना को लेकर पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में जारी 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा के पांचवें दिन पंडरिया नगर सहित आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक निकाली जा रही इस यात्रा में करीब 600 कांवड़ यात्री शामिल हैं।
यात्रा के पांचवें दिन ग्राम मोहतरा से कांवड़ियों ने भक्ति-भजन और जयघोष के साथ जलेश्वर महादेव मंदिर ग्राम डोंगरिया के लिए प्रस्थान किया। यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान जलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
पंडरिया में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब
कांवड़ यात्रा के पंडरिया नगर पहुंचने पर विधायक भावना बोहरा और कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त उमड़े। नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा, बाजे-गाजे और जयकारों के साथ कांवड़ियों का स्वागत किया गया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय नजर आया। भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न सामाजिक एवं हिंदू संगठनों ने भी कांवड़ यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
यात्रा मोहतरा खुर्द से प्रारंभ होकर तेंदुवाडीह, पंडरिया, रौहा, परसवारा, दशरंगपुर, चारभांठा होते हुए विजय पेट्रोल पंप के पास नहर रोड से डोंगरिया मार्ग की ओर आगे बढ़ रही है। यात्रा के मार्ग में आने वाले गांवों और क्षेत्रों में भी लोगों ने श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया।
रामधुनी से हुई दिन की शुरुआत
यात्रा प्रारंभ होने से पहले ग्राम मोहतरा में स्थानीय रामधुनी मंडली ने भगवान भोलेनाथ के भजनों की प्रस्तुति दी। भक्तिमय वातावरण के बीच कांवड़िये भजनों पर झूमते नजर आए। इसके बाद हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ कांवड़ यात्रियों ने जलेश्वर महादेव में जलाभिषेक के संकल्प के साथ पदयात्रा शुरू की।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधायक भावना बोहरा और कांवड़ यात्रियों से फोन पर बातचीत कर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उनकी शुभकामनाओं से कांवड़ यात्रियों में उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।
16 अगस्त को भोरमदेव में होगा जलाभिषेक
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा केवल 151 किलोमीटर की पदयात्रा नहीं, बल्कि आस्था, संकल्प और जन-जन के स्नेह से जुड़ा आध्यात्मिक अनुभव है। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर लोगों का अपनापन और आशीर्वाद कांवड़ियों के लिए ऊर्जा का स्रोत बन रहा है। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के पवित्र जल को लेकर भोरमदेव धाम तक पहुंचने का संकल्प लगातार आगे बढ़ रहा है और आगामी 16 अगस्त को भोरमदेव में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
उन्होंने यात्रा के दौरान पांडातराई, पंडरिया सहित विभिन्न स्थानों पर मिले आत्मीय स्वागत और सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक एकता का जीवंत प्रतीक है। कठिन रास्तों और लंबी दूरी के बावजूद कांवड़ यात्रियों में भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था और उत्साह बना हुआ है।
विधायक ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और सामाजिक उत्सव भी है, जो लोगों को आपसी जुड़ाव और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ती है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।